मनगटा युवती प्रकरण में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार, व्हिसलिंगवुड्स रिसोर्ट सील

 

Used for news/editorial purposes only | Copyright infringement is not intended

जबरन शराब पिलाकर दुष्कर्म का आरोप, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई

राजनांदगांव/छत्तीसगढ़:
मनगटा क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में राजनांदगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना से जुड़े व्हिसलिंगवुड्स रिसोर्ट को भी सील कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री से सूचना मिलने पर थाना सोमनी में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना सोमनी और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

जांच के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, परिजनों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह सामने आया कि आरोपियों ने युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर जबरन शराब पिलाई और उसकी हालत का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी ने दुष्कर्म किया।

गिरफ्तार आरोपियों में आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु (26), छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25) और घनश्याम बेलचंदन (25) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।

घटना से जुड़े व्हिसलिंगवुड्स रिसोर्ट को भी नियमानुसार सील कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस कार्रवाई के माध्यम से अन्य रिसोर्ट संचालकों को भी सख्त संदेश दिया गया है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को गंभीर अपराधों के खिलाफ सख्त कदम के रूप में देखा जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *