छत्तीसगढ़ में IAS अधिकारियों के तबादले और नए कलेक्टरों की नियुक्ति

छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 20 से अधिक IAS अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के कलेक्टर बदले

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के कई अधिकारियों की नई पदस्थापना की है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में 20 से अधि20 से अधिक IASक IAS अधिकारियों के विभाग और जिम्मेदारियां बदली गई हैं। इस फेरबदल में मुंगेली, कांकेर, गरियाबंद, सक्ती, कबीरधाम और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जैसे जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं।

इस प्रशासनिक बदलाव में वरिष्ठ अधिकारी सोनमणि बोरा को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कई अधिकारियों को मंत्रालय, विभिन्न विभागों और जिला प्रशासन में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

सोनमणि बोरा को नगरीय प्रशासन की कमान

1999 बैच के IAS अधिकारी सोनमणि बोरा को प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। उनके पास पहले आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग की जिम्मेदारी थी। उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

वहीं 2005 बैच की IAS अधिकारी आर. संगीता को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग से हटाकर सचिव, मंत्रालय के पद पर पदस्थ किया गया है।

इन जिलों के बदले कलेक्टर

सरकार के आदेश के अनुसार कई महत्वपूर्ण जिलों में कलेक्टरों की नई पदस्थापना की गई है।

गरियाबंद: 2012 बैच के IAS अधिकारी रणबीर शर्मा को कलेक्टर गरियाबंद बनाया गया है। वहीं मौजूदा कलेक्टर भगवान सिंह उइके को संयुक्त सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

कांकेर: मुंगेली के कलेक्टर कुंदन कुमार को अब कांकेर कलेक्टर बनाया गया है। कांकेर के मौजूदा कलेक्टर नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर को संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मुंगेली: सक्ती के कलेक्टर अमृत विकास तोपनो को मुंगेली का नया कलेक्टर बनाया गया है।

सक्ती: संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहीं जयश्री जैन को सक्ती कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

कबीरधाम: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की कलेक्टर तुलिका प्रजापति को कबीरधाम का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं कबीरधाम के कलेक्टर गोपाल वर्मा को संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी: खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम को इस जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

नगरीय प्रशासन और जल जीवन मिशन में भी बदलाव

नगरीय प्रशासन विभाग में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। 2011 बैच के IAS अधिकारी रिमिजियस एक्का को संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास के पद से हटाकर विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बनाया गया है। उन्हें मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

वहीं योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव भुवनेश यादव को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

नागरिक आपूर्ति निगम की जिम्मेदारी भी बदली

अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोसकर विलास संदिपान को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ प्रबंध संचालक, नागरिक आपूर्ति निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने भी इस अतिरिक्त जिम्मेदारी के लिए सहमति प्रदान की है।

उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद इफ्फत आरा को नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया जाएगा।

समाज कल्याण और खाद्य विभाग में नई जिम्मेदारियां

2013 बैच के IAS अधिकारी जगदीश सोनकर को विशेष सचिव, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग बनाया गया है। वहीं गजेन्द्र सिंह ठाकुर को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ संचालक, समाज कल्याण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

हिना अनिमेष नेताम को आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान के मौजूदा दायित्वों के साथ अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

पर्यटन, खेल और जिला पंचायत में भी फेरबदल

IAS अधिकारी सौमिल रंजन चौबे को कृषि विभाग के उप सचिव पद से हटाकर प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल की जिम्मेदारी दी गई है। उनके कार्यभार संभालने के दिन से इस पद को भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ वेतनमान के संवर्गीय पद के समकक्ष घोषित किया गया है।

आकांक्षा शिक्षा खलखो को उप सचिव, वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग बनाया गया है। साथ ही उन्हें संचालक, खेल एवं युवा कल्याण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

रोमा श्रीवास्तव को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सरगुजा बनाया गया है, जबकि नारायणपुर जिला पंचायत के CEO पद पर कार्यरत आकांक्षा शिक्षा खलखो को नई जिम्मेदारी दी गई है।

लोक सेवा आयोग की परीक्षा नियंत्रक लीना कोसम को आयुक्त, नगर पालिक निगम दुर्ग बनाया गया है। वहीं अपर कलेक्टर नारायणपुर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई को अपर कलेक्टर बिलासपुर पदस्थ किया गया है।

वन विभाग में वापसी

पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य की सेवाएं तत्काल प्रभाव से उनके पैतृक विभाग वन विभाग को वापस कर दी गई हैं।

सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के बाद आने वाले दिनों में संबंधित अधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने के साथ जिला और विभागीय स्तर पर नई प्रशासनिक व्यवस्था दिखाई देगी। खास तौर पर जिन जिलों में कलेक्टर बदले गए हैं, वहां नई टीम के साथ विकास कार्यों और प्रशासनिक प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *