छेड़छाड़ और धमकी देने वाला आरोपी 3 घंटे में गिरफ्तार, बसंतपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

 

अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का मामला, न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी भेजा गया जेल

राजनांदगांव/छत्तीसगढ़:
राजनांदगांव जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में छेड़छाड़, अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 3 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने थाना बसंतपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी अशद कुरैशी (29 वर्ष), निवासी पठानपारा, उसे लगातार फोन कर बातचीत और मिलने के लिए दबाव बना रहा था। 12 जून 2026 की शाम करीब 5 बजे आरोपी उसके घर के सामने पहुंच गया और फोन पर बात नहीं करने को लेकर अश्लील गाली-गलौज करने लगा।

आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने प्रार्थिया के भाइयों को जान से मारने की धमकी दी और उसकी बेइज्जती करने की नीयत से उसका हाथ और बांह पकड़कर छेड़छाड़ की। शिकायत के आधार पर थाना बसंतपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 296 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के लगभग 3 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी एमन साहू, उपनिरीक्षक डेमिन साहू, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल, आरक्षक अतहर अली, ललित रावटे और विक्रम चंद्रवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *