राजनांदगांव में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: 3 आरोपी गिरफ्तार, 4 किलो गांजा और कार जब्त

 

Photo: FB/Vikalp Shrivastav

राजनांदगांव (छत्तीसगढ़):

राजनांदगांव जिले में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमनी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 4 किलो गांजा, नगदी और एक कार जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, ठाकूरटोला टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी के दौरान दुर्ग से राजनांदगांव की ओर आ रही एक कार (क्रमांक सीजी 08 बीई 0156) को रोका गया। कार में सवार तीन युवकों से पूछताछ के बाद तलाशी ली गई, जिसमें चार पैकेट में रखा कुल 4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत लगभग 54 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपियों के पास से 12,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैजल अंसारी (24 वर्ष), नील गिडवानी (24 वर्ष) और अतुल गोस्वामी (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो राजनांदगांव क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये है।

इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक दिलीप पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *