राजनांदगांव में होटल चेकिंग के दौरान हंगामा: कैलाश लॉज संचालक गिरफ्तार, जेल भेजा गया

Photo: FB/ Vikalp Shrivastav

राजनांदगांव (छत्तीसगढ़):

राजनांदगांव पुलिस ने होटल और लॉज चेकिंग अभियान के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने और पुलिस कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में एक लॉज संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई 9 जून 2026 को पुराना बस स्टैंड स्थित कैलाश लॉज में की गई।

पुलिस के अनुसार, लॉज संचालक गुंजन जैन (31 वर्ष), निवासी पुराना बस स्टैंड, ने चेकिंग के दौरान पुलिस को आवश्यक जानकारी देने से साफ इंकार कर दिया। जब पुलिस टीम ने लॉज में ठहरे लोगों की जानकारी के लिए एंट्री रजिस्टर दिखाने को कहा, तो उसने न केवल मना किया बल्कि आक्रामक व्यवहार करते हुए कहा कि “किसने शिकायत की है, उसे देख लूंगा।”

बताया जा रहा है कि समझाइश के बावजूद आरोपी का रवैया और उग्र हो गया। उसने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने की कोशिश की, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई।

स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। साथ ही उसके खिलाफ धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। बाद में उसे कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में पूरी टीम ने अभियान को सफल बनाया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही सभी होटल और लॉज संचालकों से अपील की गई है कि वे चेकिंग के दौरान पूरा सहयोग करें और ठहरने वाले सभी लोगों का सही रिकॉर्ड रखें।

राजनांदगांव पुलिस ने यह भी कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *