सूरजपुर में चोर गिरोह का पर्दाफाश: 24 घंटे में 7 आरोपी गिरफ्तार, किसानों के चोरी हुए पंप बरामद

 

सूरजपुर (छत्तीसगढ़):

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में लटोरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए किसानों को निशाना बनाने वाले एक सक्रिय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने समरसिबल और मोटर पंप चोरी कर बेचने वाले कुल 7 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में लंबे समय से परेशान किसानों को बड़ी राहत मिली है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह खेतों और बाड़ियों से सिंचाई के लिए उपयोग होने वाले पंप चोरी कर उन्हें ठिकाने लगाता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर पूरे गिरोह को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 50 हजार रुपये कीमत के 3 मोनोब्लॉक और 2 समरसिबल पंप बरामद किए हैं। इससे पहले भी पुलिस ने एक अलग कार्रवाई में एक नाबालिग सहित 3 आरोपियों को पकड़ा था, जिनके पास से चोरी का पंप और एक बाइक जब्त की गई थी।

लगातार मिल रही सफलता के बाद पुलिस ने मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए पूरे गिरोह तक पहुंच बनाई और सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस का कहना है कि गिरोह संगठित तरीके से काम करता था और किसानों के खेतों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।

इस कार्रवाई में लटोरी चौकी प्रभारी अरुण कुमार गुप्ता और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस मुस्तैदी से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विश्वास बढ़ा है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *